सरायकेला: आगामी ईद- उल- आजहा (बकरीद) पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को जिलास्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विधि- व्यवस्था, साफ- सफाई, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.

बैठक में उपायुक्त ने अनुमंडल और थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पूर्व पूरी करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान सभी प्रशासनिक और पुलिस पदाधिकारी अलर्ट एवं सक्रिय मोड में कार्य करेंगे.
उपायुक्त ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, अग्निशमन सेवा, बिजली विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर निकायों को पूर्ण सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. नगर निकायों को कुर्बानी के अवशेषों का समुचित और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा नियमित साफ- सफाई बनाए रखने को कहा गया. साथ ही निर्बाध पेयजल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने सदर अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को एक्टिव मोड में रखने और चिकित्सकीय दल को 24×7 तैनात रखने का निर्देश दिया. सभी एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों को ‘रेडी टू मूव’ स्थिति में रखने को भी कहा गया. बैठक में युवाओं द्वारा बाइक रेसिंग, स्टंट और तेज गति से वाहन चलाने की संभावनाओं को देखते हुए विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया. इसके लिए विशेष गश्ती दल बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाने और नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई.
संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए. धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं होने देने पर जोर दिया गया.
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में नहीं होने दी जाएगी. इसके लिए सघन जांच और नियमित गश्ती अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने कहा कि पशु अवशिष्टों का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि सामाजिक सौहार्द और स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित न हो. उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई.
बैठक के अंत में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने सभी समुदायों से शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील की. साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया.



