सरायकेला: जिले में असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को श्रम कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं. उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में श्रम विभाग द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है.

इसी क्रम में शुक्रवार को राजनगर प्रखंड के धुरिपदा पंचायत, गम्हरिया प्रखंड के दुगनी पंचायत, खरसावां प्रखंड के कृष्णापुर पंचायत, चांडिल प्रखंड के झबरी पंचायत तथा सरायकेला प्रखंड के पठानमारा पंचायत में श्रमिक निबंधन शिविर का आयोजन किया गया.

शिविर के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का निबंधन करते हुए उन्हें विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई. साथ ही श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए निबंधन कराने को लेकर जागरूक किया गया.
शिविर में संबंधित पदाधिकारियों ने श्रमिकों को ई-श्रम निबंधन, श्रमिक पंजीकरण से मिलने वाले लाभ, श्रम सुरक्षा योजनाओं और अन्य विभागीय सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी. इसके अलावा पात्र श्रमिकों को अधिक से अधिक योजनाओं से आच्छादित करने तथा निबंधन प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाए रखने पर जोर दिया गया.
श्रम विभाग की ओर से पंचायत स्तर पर नियमित जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने और विभागीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश भी दिया गया.
श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का निबंधन उन्हें सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने पात्र श्रमिकों से शिविर में पहुंचकर निबंधन कराने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की.



