सरायकेला: नगर क्षेत्र के पटरासाई में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब तोड़ी जा रही दो मंजिला इमारत का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर मुख्य सड़क पर गिर पड़ा. घटना के समय सड़क पर कोई राहगीर या वाहन नहीं होने से जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

जानकारी के अनुसार संतोष शर्मा की बिल्डिंग को तोड़ने का कार्य चल रहा था. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था. न तो सड़क की बैरिकेडिंग की गई थी और न ही सुरक्षा घेरा बनाया गया था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मजदूर ऊपरी हिस्से को तोड़ रहे थे, तभी अचानक दीवार और छत का बड़ा हिस्सा सड़क पर गिर पड़ा. मलबा गिरते ही सड़क जाम हो गई और आसपास धूल का गुबार फैल गया.
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, नगर प्रबंधक सुमित सुमन और उपाध्यक्ष अविनाश कवि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. नगर पंचायत अध्यक्ष ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि बिना सुरक्षा व्यवस्था के सड़क किनारे बिल्डिंग तोड़ना लोगों की जान से खिलवाड़ है.
उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि बिल्डिंग तोड़ने की अनुमति ली गई थी या नहीं. यदि बिना अनुमति और सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर कार्य कराया गया है तो संबंधित लोगों पर नगर पालिका अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई. लोगों ने प्रशासन से शहर में चल रहे निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों की जांच कर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है. फिलहाल नगर पंचायत की ओर से सड़क से मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है ताकि आवागमन सामान्य हो सके.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



