चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-कुईड़ा मुख्य सड़क पर बिनका मोड़ के पास स्थित एक पुलिया भारी वाहन के दबाव से क्षतिग्रस्त हो गई. पुलिया टूटने से सोमवार दोपहर इस सड़क पर चौपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया. स्थिति ऐसी हो गई कि मोटरसाइकिल चालक भी मुश्किल से पुलिया पार कर पा रहे थे.

बताया जा रहा है कि इस सड़क और पुलिया का निर्माण करीब तीन वर्ष पहले ही कराया गया था. ऐसे में कम समय में पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कराने की मांग की है.
घटना की सूचना मिलने के बाद विभाग के कार्यपालक अभियंता विशाल खलको मंगलवार दोपहर मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया. सड़क पर यातायात बहाल करने के लिए जेसीबी की मदद से अस्थायी मरम्मत कार्य कराया गया. इसके बाद चौपहिया वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो सका.
कार्यपालक अभियंता विशाल खलको ने बताया कि फिलहाल आवागमन सुचारु रखने के लिए मरम्मत की गई है. बाद में पुलिया की पूरी तरह से तकनीकी जांच कर स्थायी और बेहतर मरम्मत करायी जाएगी.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



