जामताड़ा: जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत हांसी पहाड़ी निवासी 22 वर्षीय युवक रतन यादव की आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. रोज़गार की तलाश में घर से दूर गए युवक का शव पोल्ट्री फार्म में फंदे से लटका मिलने की खबर से परिवार गहरे सदमे में है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार रतन यादव करीब डेढ़ महीने पहले आजीविका कमाने के उद्देश्य से विजयवाड़ा गया था. वहां वह एक मुर्गी फार्म में काम कर रहा था. मंगलवार को फार्म परिसर में उसका शव फंदे से लटका हुआ पाया गया. घटना के बाद स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, लेकिन मौत के कारणों को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं हो सकी है. इसी वजह से मामला संदिग्ध माना जा रहा है.
परिजनों ने बताया कि रतन यादव ने हाल ही में छाता डंगाल क्षेत्र में प्रेम विवाह किया था. शादी के कुछ समय बाद ही वह काम के सिलसिले में बाहर चला गया था. युवक की अचानक मौत की खबर मिलते ही नवविवाहिता पत्नी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.
मिहिजाम नगर परिषद वार्ड संख्या 20 के पार्षद प्रतिनिधि पुल्लू यादव उर्फ अमरजीत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विजयवाड़ा में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. कागजी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बुधवार तक शव मिहिजाम स्थित पैतृक आवास पहुंचने की संभावना है.
इधर स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. परिजनों ने मौत की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आशंका जताई है कि घटना के पीछे अन्य कारण भी हो सकते हैं. युवक की असामयिक मौत से पूरे मिहिजाम क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग घटना की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



