सरायकेला: प्रखंड के मुरुप पंचायत अंतर्गत जगन्नाथपुर गांव में मंगलवार दोपहर आए भीषण आंधी- तूफान ने भारी तबाही मचाई. करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली तेज हवा ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके की तस्वीर बदल दी. गनीमत रही कि दोपहर का समय होने के कारण अधिकांश लोग घरों के अंदर थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.

आंधी के दौरान गांव के किनारे लगा ट्रांसफार्मर बिजली के पोल समेत सड़क पर गिर पड़ा. इससे न सिर्फ विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, बल्कि मुख्य सड़क पर आवागमन भी बाधित हो गया. तेज तूफान में बिजली के करीब 15 पोल भी धराशायी हो गए, जिससे सरायकेला और खरसावां प्रखंड के दर्जनों गांवों में अंधेरा छा गया है.
इसके अलावा गांव में कई बड़े और छोटे पेड़ उखड़कर गिर गए. कई कच्चे मिट्टी के मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है. ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से गांव का दौरा कर नुकसान का आकलन करने तथा प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था बहाल करने की भी मांग उठाई गई है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



