आदित्यपुर: झारखंड युवा मोर्चा (झामुमो) जिला कमेटी की ओर से आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया है. ज्ञापन में नगर निगम क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए 22 मई को एकदिवसीय धरना- प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है.

जिला अध्यक्ष भुगलू सोरेन उर्फ डब्बा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर निगम के 35 वार्डों में आज भी पेयजल, साफ- सफाई, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं. खासकर वार्ड संख्या- 21 में पेयजल संकट को गंभीर बताते हुए कहा गया है कि ऊपरी हिस्से में पानी पहुंचता है, लेकिन निचले इलाके के लोगों को आज भी टैंकर के भरोसे रहना पड़ रहा है.
ज्ञापन में आदित्यपुर बस्ती एच रोड में नाली की समस्या, नियमित सफाई व्यवस्था की कमी, जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने, अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर कार्रवाई करने की मांग की गई है. साथ ही आदित्यपुर डेली मार्केट और गम्हरिया मार्केट में नियमित साफ- सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है.
झारखंड युवा मोर्चा ने आरोप लगाया कि नगर निगम को बार- बार शिकायत देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है, जिससे आम जनता नारकीय जीवन जीने को मजबूर है. संगठन ने कहा कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. उन्होंने वर्तमान मेयर और डिप्टी मेयर को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की मांग की. जागृति मैदान विवाद को लेकर मेयर और स्थानीय विधायक चंपाई सोरेन पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगया कि बीजेपी गुटबाजी करके जनता को गुमराह कर रहे हैं.
आदित्यपुर में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर भी उन्होंने मेयर और स्थानीय विधायक पर दोहरा मानदंड अपनाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि एक तरफ मेयर अतिक्रमण हटाओ अभियान का समर्थन करते हैं दूसरी तरफ स्थानीय विधायक विरोध करते हैं. समूचे नगर निगम क्षेत्र में सैकड़ो आवासीय और व्यावसायिक प्रतिष्ठान नक्शा विचलन कर बनाए गए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई न करके गरीब मजदूर और दिहाड़ी दुकानदारों को परेशान किया जा रहा है ताकि जनता मूल समस्याओं की बात ना करके इन्हीं सब मुद्दों में उलझ कर रह जाए. उन्होंने कहा कि धरना- प्रदर्शन के बाद भी यदि नगर निगम प्रशासन नहीं चेता तो इसकी शिकायत मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से भी की जाएगी.



