जामताड़ा- चित्तरंजन रेलखंड पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में करीब 55 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई. घटना हावड़ा- नई दिल्ली मुख्य रेल लाइन के अप लाइन पर पियालसोला गांव के समीप पोल संख्या 242/27 के पास हुई.

जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आने से महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और मिहिजाम पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
मृतका की पहचान केलाही गांव निवासी कुली हेंब्रम, पति सुधीर हेंब्रम के रूप में की गई है. मामले की जानकारी देते हुए एएसआई राकेश कुमार ने बताया कि परिजनों और गांव के जनप्रतिनिधियों से मिली जानकारी के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही थी. बताया गया कि वह मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद यह हादसा हुआ.
घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है. परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम नहीं कराने का आग्रह किए जाने पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिया गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



