सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र स्थित गुदड़ी सब्जी मार्केट में मंगलवार दोपहर तेज आंधी के कारण करीब 100 साल पुराना एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा. घटना दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है. गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा उस वक्त वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.

पेड़ गिरने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई. कई दुकानदारों की सब्जियां खराब हो गईं, वहीं एक गुमटी भी क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों ने नगर पंचायत से मुआवजे की मांग की है.
सूचना मिलते ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि मौके पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मिलकर नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने पीड़ित दुकानदारों को हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया.
स्थानीय लोगों ने कहा कि बाजार क्षेत्र में कई पुराने और जर्जर पेड़ मौजूद हैं, जिनकी समय-समय पर जांच नहीं होने से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं. लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से खतरनाक पेड़ों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह



