सरायकेला: NEET परीक्षा रद्द होने के बाद देशभर में छात्रों और राजनीतिक दलों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है. इसी कड़ी में झारखंड प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर शुक्रवार को सरायकेला- खरसावां जिले में भी केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया. सरायकेला नगर पंचायत अंतर्गत गेराज चौक पर आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. नेताओं ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और विवादों ने लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो चुके हैं.
जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी और कथित धांधली के कारण मेहनत करने वाले छात्रों का भरोसा टूट रहा है. उन्होंने कहा कि छात्रों और अभिभावकों के बीच असमंजस और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
वहीं सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की. उन्होंने कहा कि देश की सबसे महत्वपूर्ण मेडिकल प्रवेश परीक्षा को लेकर उठे सवाल बेहद गंभीर हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने केंद्र सरकार से परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की मांग की. कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों के हितों की अनदेखी की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा. मौके पर विसु हेम्ब्रम, अविनाश कवि, भोला महंती, सुधीर महतो, उमेश भोल, आदि मौजूद रहे. कार्यक्रम के दौरान गेराज चौक पर कुछ देर के लिए माहौल गरमाया रहा. हालांकि पूरे प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया. विरोध प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए मजबूत कदम उठाने की मांग दोहराई.
Report- Pramod Singh



