जामताड़ा: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फतेहपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक ठंडा कोल्ड ड्रिंक दुकान से भारी मात्रा में विदेशी अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की है. मामले में दुकान संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में फतेहपुर पुलिस ने बेलबोरॉय गांव स्थित विश्वजीत गोराई की ठंडा दुकान में छापेमारी की.
तलाशी के दौरान दुकान से विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब और बीयर बरामद हुई. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दुकान संचालक शराब बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद पुलिस ने मौके से विश्वजीत गोराई को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने इस मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 15/2026 दर्ज किया है. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 292 तथा 47(a) झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है. विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में छापेमारी अभियान तेज किया गया है, ताकि अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर ठंडा और किराना दुकानों की आड़ में अवैध शराब का कारोबार संचालित किया जा रहा है. ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबारियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है. फतेहपुर पुलिस ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Report- Manish Baranwal



