चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर- सोनुआ मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी और चीख- पुकार मच गई. हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए.

जानकारी के अनुसार सोनुआ से चक्रधरपुर की ओर आ रही यात्री बस “साईं रथ” ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान तैरा निवासी गणेश नायक और श्यामल गोप के रूप में हुई है. वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल चेलाबेड़ा गांव निवासी कृष्णा नायक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. एक ही हादसे में तीन युवकों की मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है.
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इस मार्ग पर लगातार तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क पर सख्ती बढ़ाने और तेज गति से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है.
Report- Jayant Pramanik



