सरायकेला: सरायकेला- टाटा मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जमशेदपुर निवासी एक युवक की मौत हो गई. घटना सरायकेला थाना क्षेत्र के मुड़िया गांव के समीप हुई, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.

मृतक की पहचान करीब 28 वर्षीय तापस मायती के रूप में हुई है, जो जमशेदपुर के बिरसानगर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार तापस मायती किसी निजी कार्य से सरायकेला आए थे और काम समाप्त कर बाइक से वापस जमशेदपुर लौट रहे थे. इसी दौरान मुड़िया गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी हुई है. साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सरायकेला- टाटा मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का लगातार आवागमन होता है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है.
Report- Pramod Singh



