जामताड़ा: जिले में बिजली और पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया. प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने खाली मटके फोड़कर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया.

आक्रोश प्रदर्शन में मुख्य रूप से धनबाद विधायक राज सिन्हा और भाजपा प्रदेश मंत्री सरोज सिंह शामिल हुए. इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर बिजली और पेयजल व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा.
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि पूरे राज्य में भाजपा कार्यकर्ता जिला उपायुक्त कार्यालयों के समक्ष प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जामताड़ा में लोग भीषण गर्मी में बिजली और पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है. उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को इस समय घर में रहना चाहिए, वे आज चिलचिलाती धूप में सड़कों पर उतरकर अपनी मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रही हैं.
उन्होंने राज्य सरकार से गांव-गांव में नए चापाकल लगाने और खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत कराने की मांग की. साथ ही कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जल जीवन मिशन के तहत उपलब्ध कराई गई राशि का उपयोग हर घर नल योजना को सफल बनाने में किया जाना चाहिए.
प्रदेश मंत्री सरोज सिंह ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड में हत्या, लूट और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है. उन्होंने कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करने को मजबूर है, जो सरकार की विफलता को दर्शाता है.
भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारी सरकार के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं. वहीं पूर्व मंत्री सत्यानंद झा बाटुल ने कहा कि कई जगहों पर लोग नाला का पानी पीने को मजबूर हैं, जो सरकार की नाकामी का प्रमाण है.
भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि लगातार बिजली कटौती के कारण लोग भीषण गर्मी झेल रहे हैं, जबकि अधिकारी वातानुकूलित कमरों में बैठे हैं. भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने कहा कि बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता को आंदोलन करना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.
प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सोरेन, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश राय, कमल गुप्ता, मनीष दुबे, सुनील हसदा, राजेंद्र राउत, महेंद्र मंडल, सुकुमार सरखेल, मोहन शर्मा, सुजाता सिंह, दिलीप हेमब्रम, आभा आर्या, अबीता हांसदा, तापस भट्टाचार्य और राम सिंह यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
Report- Manish Baranwal



