चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बंधुगोड़ा हरि मंदिर के समीप सड़क पर बना स्पीड बंपर अब राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बन गया है. बंपर टूट जाने के कारण उसके अंदर लगी लोहे की रॉड बाहर निकल आई है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क के बीच बने इस बंपर का निर्माण बिजली के पोल लगाकर किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य सही तरीके से नहीं होने के कारण कुछ ही समय में बंपर जर्जर हो गया. अब स्थिति यह है कि बंपर के अंदर की लोहे की सरिया बाहर दिखाई दे रही है, जो खासकर बाइक और स्कूटी सवारों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है.
बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र की प्रमुख सड़कों में शामिल है, जहां दिनभर लोगों की आवाजाही लगी रहती है. स्कूल जाने वाले बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक प्रतिदिन इसी रास्ते से गुजरते हैं. रात के समय बाहर निकली रॉड स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित विभाग और नगर परिषद प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय लोगों ने कपाली नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि टूटे हुए बंपर की तत्काल मरम्मत कर बाहर निकली लोहे की रॉड हटाई जाए, ताकि आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके.
Report- Afroz Mallik



