रामगढ़: जिले के गोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध विदेशी शराब निर्माण और तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत को मिले गुप्त सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन वत्स के नेतृत्व में गठित टीम को यह बड़ी कामयाबी हाथ लगी है.

जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खखरा टोला, पत्थलगड्डा में एक बंद घर में अवैध विदेशी शराब का निर्माण कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद एसआईटी का गठन कर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में ऊपर खखरा टोला निवासी मनोज मुर्मू (26) और चोपादार निवासी भवेश सिंह (42) शामिल हैं. दोनों की निशानदेही पर तीन अलग- अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब, शराब निर्माण सामग्री और पैकेजिंग उपकरण बरामद किए गए.
बरामद सामानों में करीब 250 पेटी विदेशी शराब, 1800 लीटर तैयार शराब, 120 लीटर स्प्रिट, 40 हजार नकली स्टिकर, 20 हजार ढक्कन, 250 खाली कार्टन, 50 खाली जार, 1600 लीटर नीला रंग, 20 हजार खाली पाउच, शराब भरने वाले जार, दो अल्कोहल मीटर, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल शामिल हैं.

पुलिस के अनुसार बरामद उपकरणों और सामग्री का उपयोग नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई करने के लिए किया जा रहा था. मामले में गोला थाना कांड संख्या 51/2026 दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अधीक्षक ने साफ कहा कि अवैध शराब कारोबार और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.



