सरायकेला: जिला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “प्रोजेक्ट डिवाइस” अभियान के तहत तिरुलडीह थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने थाना क्षेत्र से गुम हुए पांच मोबाइल फोन को बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया. अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस प्रशासन का आभार जताया.

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सरायकेला- खरसावां के निर्देश पर जिलेभर में गुम मोबाइल की बरामदगी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में तिरुलडीह थाना पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से तकनीकी जांच करते हुए कुल पांच गुम मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया.

बरामद मोबाइल फोन के धारकों का सत्यापन करने के बाद पुलिस ने सभी मोबाइल सही- सलामत उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिया. लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने तिरुलडीह थाना पुलिस की कार्यशैली की सराहना की और कहा कि इस तरह की कार्रवाई से आम लोगों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत होता है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि “प्रोजेक्ट डिवाइस” अभियान का उद्देश्य गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से ट्रैक कर बरामद करना और उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना है. इसके लिए CEIR पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है, जिससे मोबाइल फोन की लोकेशन और उपयोग की जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है.
तिरुलडीह थाना प्रभारी कौशल कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम हो जाए तो वह तुरंत संबंधित थाना में इसकी सूचना दें और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं. समय पर शिकायत मिलने से मोबाइल को ट्रैक कर बरामद करने में काफी मदद मिलती है. जिला पुलिस की इस पहल को लोगों ने सराहनीय बताया है. लगातार हो रही मोबाइल बरामदगी की कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और तकनीकी दक्षता की चर्चा हो रही है.
Report By Vikash Thakur

