इसे अपने सभी मित्रों और परिवार के साथ साझा करें...
सरायकेला: राजनगर प्रखंड के हेरमा पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथीसिरिंग और उत्क्रमित उच्च विद्यालय किता का बुधवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, उपस्थिति पंजी, कक्षा संचालन, मध्यान्ह भोजन, स्वच्छता व्यवस्था, रसोईघर, पेयजल एवं शौचालय सहित मूलभूत सुविधाओं का भौतिक सत्यापन किया गया.
निरीक्षण के क्रम में शिक्षकों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे नियमित और गुणवत्तापूर्ण पठन- पाठन सुनिश्चित करें. बच्चों को गतिविधि आधारित शिक्षा देने, अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने और अभिभावक- शिक्षक बैठक नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया गया.
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15 (1)
WhatsApp Image 2026-08-14 at 18.00.15
उपायुक्त ने मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार संचालन हो और बच्चों को स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन मिले. उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन, पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाओं की जानकारी ली और उन्हें नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया.
निरीक्षण के दौरान उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाथीसिरिंग के रसोईघर में लकड़ी से भोजन बनाते हुए पाया गया. इस पर उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को तुरंत गैस की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालय और रसोईघर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए.
स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया. इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि आवश्यकतानुसार शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके. इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजनगर मलय कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार भी उपस्थित रहे.