आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड 17 स्थित जय प्रकाश उद्यान इलाके में चोरी की कोशिश कर रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया. घटना के बाद लोगों ने युवक को पुलिस के हवाले कर दिया.

मिली जानकारी के अनुसार, जय प्रकाश उद्यान निवासी मंजू मिश्रा के घर से बैट्री और इन्वर्टर चोरी करने की कोशिश की जा रही थी. इसी दौरान आसपास के लोगों को संदेह हुआ और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए युवक को मौके पर ही पकड़ लिया.
पकड़े गए युवक की पहचान वार्ड 17 के ही 6 एल/एफ निवासी स्वर्गीय चीकू सिंह के पुत्र रौशन के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक नशे का आदी है और पहले भी चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं में शामिल रह चुका है.
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर सख्ती से अंकुश लगाया जाए, ताकि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

