आदित्यपुर: अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित कंपनी ज़ेनिथ फोर्ज में इंडस्ट्रियल मजदूर संघ की ओर से मजदूर दिवस मनाया गया. कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई, जहां उपस्थित श्रमिकों ने एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों की रक्षा करने का संकल्प लिया. इस दौरान बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे और एकता का संदेश दिया.

संघ के अध्यक्ष मंटू मिश्रा ने मजदूर दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन श्रमिकों के संघर्ष, सम्मान और अधिकारों का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि संगठन पूरी तरह से श्रमिकों के हित में समर्पित है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा. उन्होंने श्रमिकों से संगठित रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की. साथ ही यह भी कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में श्रमिकों को अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए.
इस अवसर पर मनसा नायक, अधिवक्ता राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

