खूंटी: जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात उग्रवादियों ने जमकर उत्पात मचाया. PLFI संगठन से जुड़े हथियारबंद उग्रवादियों ने निर्माण कार्य को निशाना बनाते हुए मौके पर खड़ी मशीन में आग लगा दी और दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की.

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, देर रात अचानक फायरिंग की आवाज सुनकर लोग सहम गए और अपने- अपने घरों में दुबक गए. घटनास्थल से प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पिपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएलएफआई) के नाम का पर्चा बरामद किया गया है. पर्चे में संगठन के सदस्य अमृत होरो द्वारा घटना की जिम्मेदारी ली गई है. साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि संगठन से बातचीत किए बिना निर्माण कार्य कराए जाने के विरोध में इस वारदात को अंजाम दिया गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया. सुरक्षा बलों द्वारा आसपास के जंगलों और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और शामिल उग्रवादियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है. यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों की मौजूदगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है.

