कपाली: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस को एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता मिली है. जहां संदिग्ध वाहन से चार गाय बरामद की गईं, जबकि चालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया.

जानकारी के अनुसार, कमारगोड़ा चौक पर तड़के करीब 5 बजे ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक सफेद रंग की महिंद्रा XUV 7XO (JH05BT- 0573) तेज रफ्तार में चेकिंग प्वाइंट पार कर भागने लगी. वाहन के संदिग्ध व्यवहार को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत पीछा शुरू किया.
पीछा करते हुए पुलिस ने वाहन को डेमडुब्बी इलाके तक ट्रैक किया. दबाव बढ़ता देख चालक गाड़ी को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर तलाशी ली, जिसमें चार अस्वस्थ गाय बरामद हुईं.
आशंका जताई जा रही है कि इन पशुओं को अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था. बरामद गायों को स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर रखा गया है, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन मालिक और चालक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय तो नहीं है.
Report by Afroz Mallik

