चांडिल: प्रखंड क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत स्थानीय विधायक सविता महतो ने बुधवार को मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत स्वीकृत चार प्रमुख सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण कर निर्माण कार्य की शुरुआत की.

करीब 7 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण पर कुल 4 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत आएगी. यह परियोजना ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ-साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति देगी.
विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि एनएच-33 स्थित सीटी इन होटल से ब्रह्मानंद अस्पताल तक 1.7 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण 1.17 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा. वहीं बाबनडीह से मानीकुई स्टेशन तक 1.5 किलोमीटर सड़क 1.16 करोड़ रुपये में बनेगी. इसके अलावा चांडिल-कांड्रा रोड से चैनपुर तक 1.7 किलोमीटर सड़क 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी, जबकि एनएच-32 मठिया रोड से अस्पताल तक 2 किलोमीटर सड़क 1.08 करोड़ रुपये में तैयार होगी.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक सविता महतो ने कहा कि जनता से किए गए वादों को अब धरातल पर उतारा जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दूर-दराज के गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है.
इस दौरान बाबनडीह में ग्रामीणों ने चांडिल-मानीकुई काटीया सड़क निर्माण में देरी और गुणवत्ता को लेकर शिकायत की. इस पर विधायक ने मौके पर मौजूद संवेदक प्रदीप साहू को कड़ी फटकार लगाते हुए जल्द और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया.
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को फोन कर सभी बाधाओं को दूर कर शीघ्र निर्माण कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
शिलान्यास कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओम प्रकाश लायेक, काबलु महतो, बैधनाथ टुडू, दिलीप महतो, मुखिया सुबोधनी माहली समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

