चाईबासा/ Jayant Pramanik मैट्रिक परीक्षा 2026 के परिणाम में सोनुआ प्रखंड के विद्यार्थियों ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन किया है. राज्य संपोषित उच्च विद्यालय, सोनुआ की कल्पना मुखी और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की खुशी महतो ने 92.20 प्रतिशत अंक लाकर संयुक्त रूप से प्रखंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है.

कल्पना मुखी की सफलता खास इसलिए भी है क्योंकि उनके पिता एक रिक्शा चालक हैं. आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उनकी मेहनत और बेटी के संघर्ष ने इस उपलब्धि को और भी प्रेरणादायक बना दिया है.
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का परिणाम इस वर्ष शत-प्रतिशत रहा. विद्यालय की प्रिया गोप 91.20 प्रतिशत अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि सुनीता बोदरा 86.60 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं.
वहीं राज्य संपोषित उच्च विद्यालय, सोनुआ में भी छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. दिव्या प्रधान 91.80 प्रतिशत अंक के साथ विद्यालय की सेकेंड टॉपर बनीं, जबकि प्रतिभा मिश्रा 89.80 प्रतिशत अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. विद्यालय का कुल परिणाम भी सराहनीय रहा, जहां लगभग 96 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल रहे हैं. इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की है.

