सरायकेला/ Pramod Singh नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की अनियमितता और खराब गुणवत्ता को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आ गया. नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने टीम के साथ जल शोधन संयंत्र का औचक निरीक्षण किया और मौके पर ही व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए.

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष अविनाश कवि, वार्ड पार्षद विक्रम मोदक और गौतम नायक के साथ जल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंता और नगर पंचायत के अधिकारी मौजूद रहे. अध्यक्ष ने साफ कहा कि पेयजल की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि नदी से आने वाले कच्चे पानी, ईएसआर के माध्यम से आपूर्ति हो रहे फिल्टर पानी और उपभोक्ताओं के घरों से नियमित सैंपल लेकर हर महीने अधिकृत लैब में जांच कराई जाए. इसकी रिपोर्ट समय पर नगर पंचायत को सौंपना अनिवार्य होगा.
जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नई मोटर लगाने, जुस्को कनेक्शन जोड़ने की संभावना की जांच करने और मोटर रूम को वातानुकूलित करने के लिए तकनीकी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया. परिसर में गंदगी मिलने पर तत्काल सफाई कराने और जल निकासी के लिए नाली व कल्वर्ट निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर पूरा करने का आदेश दिया गया.
अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि हर नागरिक को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना नगर पंचायत की प्राथमिकता है. इसके लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने नागरिकों से भी जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की.

