चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले में बच्चा चोरी की फैल रही अफवाहों को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चौका थाना क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.

इस अभियान के तहत थाना परिसर सहित क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बैनर और पोस्टर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है. बैनरों के माध्यम से आम जनता से अपील की जा रही है कि किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और कानून को अपने हाथ में लेने से बचें.
चौका थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण कई जगहों पर अनावश्यक तनाव की स्थिति बन रही है. ऐसे में पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों को सही जानकारी देना और अफवाहों से दूर रखना है.
उन्होंने कहा कि यदि किसी को कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, न कि खुद कोई कार्रवाई करें. अफवाहों के कारण निर्दोष लोगों के साथ मारपीट जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं, जिसे रोकना बेहद जरूरी है.
पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली अपुष्ट खबरों को शेयर करने से बचें और किसी भी सूचना की सत्यता जांचे बिना उस पर भरोसा न करें.
इस जागरूकता अभियान के माध्यम से पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी.

