सरायकेला: जिले में बच्चा चोरी की फैल रही अफवाहों को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नीमडीह थाना क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया.

इस अभियान के तहत नीमडीह थाना परिसर सहित क्षेत्र के विभिन्न चौक- चौराहों, बाजार और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बैनर और पम्पलेट लगाकर लोगों को जागरूक किया गया. पुलिसकर्मियों ने आम जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और बिना पुष्टि के किसी सूचना को आगे न फैलाएं.
नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी ने बताया कि हाल के दिनों में बच्चा चोरी की अफवाहों के कारण कई जगहों पर निर्दोष लोगों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं, जो कानूनन अपराध है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें, लेकिन कानून को अपने हाथ में न लें.
उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया के माध्यम से गलत जानकारी प्रसारित करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है और लोगों से शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील कर रही है. पुलिस ने लोगों से डायल 112 पर तत्काल सूचना देने की भी अपील की है, ताकि समय रहते किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर कार्रवाई की जा सके.
इस अभियान के माध्यम से पुलिस का मुख्य उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और अफवाहों के कारण उत्पन्न होने वाली अराजक स्थिति को रोकना है. प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा.

