रांची: पूर्व पार्षद और जमीन कारोबारी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुख्यात शूटर सत्यम पाठक को मुठभेड़ में घायल कर दिया है. बुधवार सुबह पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित कांके डैम के पास पुलिस और आरोपी के बीच आमना- सामना हुआ, जो देखते ही देखते मुठभेड़ में बदल गया.

पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस की टीम पहले से उसकी तलाश में जुटी थी और गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई.
गौरतलब है कि मंगलवार को पंडरा के ओटीसी मैदान के पास जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. जांच में सामने आया कि इस वारदात को अंजाम देने वाला शूटर सत्यम पाठक था, जबकि पूरे मामले का मास्टरमाइंड विजय टेटे को बताया जा रहा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान सत्यम पाठक ने कांके डैम के पास हथियार छिपाने की जानकारी दी थी. बरामदगी के लिए जब पुलिस उसे मौके पर लेकर पहुंची, तभी उसने एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे घायल कर दिया.
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सत्यम पाठक पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह हत्याकांड में भी शामिल रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.

