खूंटी: जिले के रेमता डैम में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में तैनात विशेष शाखा के आरक्षी ओंकार नाथ के इकलौते 18 वर्षीय बेटे विवेक राज की डूबने से मौत हो गई.

रांची के गांधीनगर निवासी विवेक राज जेईई मेन्स की तैयारी कर रहा था. उसने परिवार को लाइब्रेरी जाने की बात कही थी, लेकिन वह अपने फुफेरे भाई अक्षय राज और दोस्तों कार्तिक कुमार व सक्षम सौरभ के साथ बाइक से रेमता डैम घूमने चला गया.
सुबह करीब 11 बजे चारों युवक डैम पहुंचे. डैम किनारे बैठकर खाना खाने के बाद सभी पानी में उतरे. इसी दौरान विवेक पानी की गहराई का अंदाजा लगाने के लिए आगे बढ़ा और अचानक गहरे पानी में चला गया.
उसे बचाने के लिए अक्षय राज भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा. स्थिति बिगड़ते देख अन्य दोनों दोस्तों ने तत्परता दिखाते हुए अक्षय को किसी तरह बाहर निकाल लिया, लेकिन विवेक को नहीं बचाया जा सका और वह गहरे पानी में समा गया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे. काफी देर तक तलाश के बाद भी सफलता नहीं मिली. शाम करीब 6 बजे एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और महज 10 मिनट के भीतर विवेक राज का शव बरामद कर लिया.

जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की. शव को पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा गया, जहां आवश्यक प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है. साथ ही डैम और जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

