जामताड़ा: झारखंड ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा ओलम्पिक दिवस के अवसर पर एक विशेष पर्यावरणीय पहल के तहत पूरे राज्य में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा. यह अभियान 23 जून से शुरू होकर एक सप्ताह तक चलेगा.

इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला ओलम्पिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे और मीडिया इंचार्ज मनीष बरणवाल ने बताया कि राज्य के सभी 24 जिलों में जिला ओलम्पिक एसोसिएशन के माध्यम से कुल 2036 पौधे लगाए जाएंगे. यह पहल अंतरराष्ट्रीय ओलम्पिक समिति के “ओलंपिक फॉरेस्ट” अभियान और सतत विकास के उद्देश्यों के अनुरूप है. साथ ही वर्ष 2036 में भारत में संभावित ओलम्पिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए इसे सांकेतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग झारखंड और खेल विभाग झारखंड से सहयोग लिया जाएगा. यह वृक्षारोपण कार्यक्रम राज्य के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, खेल परिसरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और पार्कों में आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके.
इस अभियान में खिलाड़ियों, खेल संगठनों, युवा समूहों और आम नागरिकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी. कार्यक्रम के अंतर्गत सभी जिलों से रिपोर्ट और छायाचित्र इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन को भेजे जाएंगे, ताकि राष्ट्रीय स्तर पर इन प्रयासों को प्रदर्शित किया जा सके. यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ- साथ खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

