जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम में तीन दिनों से खड़ी एक संदिग्ध एंबेसेडर कार को लेकर फैली अफवाहों पर पुलिस ने विराम लगा दिया है. दिगम्बर जैन मंदिर के सामने रेलवे लाइन किनारे खड़ी कार को स्थानीय लोगों ने संदिग्ध मानते हुए मिहिजाम थाना को सूचना दी थी.


सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप राणा के निर्देश पर एएसआई सोमवारी हेंब्रम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और वाहन की गहन जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए वाहन के मालिक की जानकारी जुटाई.
जांच में पता चला कि कार पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के श्रीपुर निवासी देवानंद पासवान की है. जानकारी के अनुसार, वे तीन दिन पहले चित्तरंजन स्टेशन से ट्रेन पकड़ने के लिए मिहिजाम आए थे, लेकिन जैन मंदिर के पास उनकी कार अचानक खराब हो गई. मजबूरी में उन्होंने कार वहीं छोड़ दी और अपने भांजे सुभाष पासवान को सूचना देकर आगे चले गए.
पुलिस ने सभी तथ्यों का सत्यापन करने के बाद वाहन को सुभाष पासवान को सौंप दिया, जिससे पूरे मामले का पटाक्षेप हो गया. थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस लगातार सतर्क निगरानी रख रही है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून- व्यवस्था बनी रहे.



