जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर उपायुक्त आलोक कुमार ने सभी विद्यालयों के लिए नई समय सारणी लागू करने का आदेश दिया है.

जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर- सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में केजी से कक्षा 8 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगी. वहीं कक्षा 9 से 12 तक की कक्षाएं सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक चलेंगी.
इसके साथ ही सभी सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक और शिक्षकेत्तर कर्मी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे. प्रशासन का यह फैसला बच्चों को भीषण गर्मी से बचाने और उनकी सेहत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.

