जामताड़ा/ Manish Baranwal जामताड़ा- मिहिजाम मुख्य मार्ग स्थित शहरडाल में सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं द्वारा पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. श्यामलाल हेंब्रम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया.

कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा. इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी सुप्रीमो रहे दिवंगत शिबू सोरेन को भी श्रद्धांजलि दी.
श्रद्धांजलि सभा से पूर्व झामुमो कार्यकर्ता बादोलीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने स्व. हेंब्रम के दामाद और शिक्षक गुंजन राहुल मरांडी के पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन किया. उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है. सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्व. श्यामलाल हेंब्रम के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को मजबूत करने और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके विचार और आदर्श आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

