जामताड़ा/ Manish Baranwal संत एंथोनी स्कूल स्थित मेजर ध्यानचंद प्ले ग्राउंड में झारखंड राज्य ग्रेडिंग खो-खो प्रतियोगिता 2026 (फेज-2) का सफल आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में संथाल परगना प्रमंडल के जामताड़ा, देवघर, साहेबगंज, पाकुड़, गोड्डा और दुमका सहित कुल 6 जिलों के करीब 60 खिलाड़ियों ने भाग लिया.

कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड राज्य खो- खो संघ के महासचिव संतोष प्रसाद, जिला संघ के अध्यक्ष डॉ दुर्गा दास भंडारी, वरीय उपाध्यक्ष डॉ चंचल भंडारी, सचिव नंदन सिंह, कोषाध्यक्ष गौरव जोशी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान अतिथियों को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित भी किया गया.
मौके पर जिला खो- खो संघ के महासचिव नंदन कुमार सिंह ने कहा कि खो-खो खेल न केवल शारीरिक फिटनेस को बढ़ाता है, बल्कि त्वरित निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित करता है. वहीं अध्यक्ष डॉ दुर्गा दास भंडारी ने खिलाड़ियों को खेल के नियमों की विस्तृत जानकारी दी.
उन्होंने बताया कि खो- खो में दो टीमें होती हैं, जिसमें एक टीम पीछा करने वाली और दूसरी भागने वाली होती है. चेज़र टीम के खिलाड़ी पंक्ति में बैठकर विरोधी खिलाड़ियों को छूकर आउट करते हैं.
प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. कार्यक्रम में रोहित ओझा, राज कुमार, सुभाष कुमार, प्रीतम मुर्मू, दीप सेन किस्कू, नंदू हेंब्रम, प्रियंका बास्की, स्वीटी मुर्मू, राधिका सिंह, नैंसी सिन्हा, रिशु कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

