जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक मुद्दों को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से देश में सामाजिक सद्भाव, सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े विषयों पर ध्यान आकर्षित करने की मांग की गई.

ज्ञापन सौंपने वालों में विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अनूप राय, जिला मंत्री संजय परशुरामका सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे. संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश में विभिन्न प्रकार की सामाजिक और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चिंता जताई जा रही है और इन पर सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है. उन्होंने प्रशासन से अपील की कि कानून- व्यवस्था को मजबूत किया जाए और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए.
ज्ञापन में सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों को हटाने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और कानून के दायरे में रहते हुए सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. साथ ही विभिन्न संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई.
संगठन के सदस्यों ने कहा कि देश में शांति और सद्भाव बनाए रखने के लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए. उन्होंने यह भी मांग की कि आम नागरिकों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा को प्राथमिकता दी जाए.

