जामताड़ा/ Manish Baranwal राज्य सरकार द्वारा पदस्थापित आलोक कुमार (भा.प्र.से.) ने जामताड़ा जिले के 27वें जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया. उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में उन्होंने यह जिम्मेदारी संभाली. जामताड़ा आगमन पर निवर्तमान उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने उनका बुके देकर स्वागत किया.

पदभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त आलोक कुमार ने जिले के सभी पदाधिकारियों से क्रमवार परिचय प्राप्त किया और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी अपने कार्यों का निष्पादन पूरी निष्ठा और नियमों के अनुरूप करें. किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
मीडिया से बातचीत के दौरान उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता ही उनकी प्राथमिकता होगी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की सभी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर उन्हें धरातल तक पहुंचाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकेश कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कयूम अंसारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी सत्यप्रकाश, जिला कृषि पदाधिकारी लव कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति, जिला खनन पदाधिकारी मिहिर सलकर सहित अन्य पदाधिकारी, कर्मी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

