रामगढ़: 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मुकेश कुमार लुणायत ने शनिवार को रामगढ़ के 16वें पुलिस अधीक्षक के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया. उन्हें निवर्तमान एसपी अजय कुमार सिंह ने औपचारिक रूप से पदभार सौंपा.

रामगढ़ पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर निवर्तमान एसपी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने साफ किया कि संगठित अपराध पर नकेल कसना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग का माहौल तैयार करना, थानों में लंबित मामलों का निष्पादन और आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना भी उनके एजेंडे में शामिल है.
उन्होंने कहा कि पुलिस और आम लोगों के बीच संवाद बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके.
गौरतलब है कि इससे पूर्व मुकेश कुमार लुणायत सरायकेला- खरसावां के एसपी के रूप में कार्यरत थे. वहां उनके लगभग 22 महीने के कार्यकाल को काफी प्रभावी माना जाता है. उन्होंने संगठित अपराध, नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई करते हुए अलग पहचान बनाई थी. साथ ही सामुदायिक पुलिसिंग को भी बढ़ावा दिया था. रामगढ़ में नई जिम्मेदारी संभालना उनके लिए नया अनुभव जरूर होगा, लेकिन सरायकेला- खरसावां में हासिल अनुभव यहां उनकी कार्यशैली को और मजबूत बनाने में सहायक साबित हो सकता है.

