जमशेदपुर: कदमा की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था सेवाव्रती नील संघ क्लब एवं फिट एंड जॉय की ओर से बांग्ला नववर्ष के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में समाजसेवी इंद्रजीत घोष, सामाजिक व सांस्कृतिक कर्मी पूरबी घोष तथा आदित्यपुर नगर निगम की ब्रांड एम्बेसडर तनुश्री बोस बतौर अतिथि उपस्थित रहीं.

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘एसो हे बोईशाख एसो एसो..’ गीत से हुआ, जिसने उपस्थित लोगों को बंगाली नववर्ष की शुभकामनाओं के रंग में सराबोर कर दिया. इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष अमित माइति ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया.
इसके बाद कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं. निशित गिरी ने ‘आमार एई कांठो भोरे..’, संध्या बांगो ने ‘तुमि साजिये दाओ…’, बिजोय बनर्जी ने ‘आकाश केनो डाके मोन छूटे चॉय…’, जॉय और बिजोय ने ‘एई सुंदर स्वर्णाली संध्याय…’, चंद्राणी सिन्हा ने ‘घूम घूम चाँद जिकी मिकी…’ तथा श्वेता मंडल ने ‘निझूमो सोंधय पांतो पाखिरा…’ गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कार्यक्रम में रमा दंडपात और नमिता महतो ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा. इस अवसर पर जयजित मल्लिक, सुदीप चौधरी, अमित माइति, निशित गिरी, अंजन सरकार, प्रसेनजित दास टीटू, दीपक जगन, विजय बनर्जी, स्वपन चौधरी, अशोक मजूमदार, सुबीर कुंडू और विश्वजीत कुमार समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.
कार्यक्रम का संचालन विजय बनर्जी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रसेनजित दास टीटू ने किया. धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ.

