चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखंड अंतर्गत झड़गांव स्थित जगन्नाथ मंदिर परिसर में बुधवार को मंदिर निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद सदस्य जगदीश नायक ने की. बैठक में मंदिर निर्माण कार्य को गति देने और इसे व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव साझा करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि भगवान जगन्नाथ का मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी होगा.
जगदीश नायक ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से इस मंदिर का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के श्रद्धालुओं को एक बेहतर धार्मिक स्थल उपलब्ध हो सके. उन्होंने लोगों से भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की.
बैठक में मंदिर निर्माण से जुड़ी रूपरेखा, संसाधनों की व्यवस्था और जनसहभागिता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. साथ ही जल्द ही निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए ठोस कदम उठाने पर सहमति बनी.
इस अवसर पर सूर्यकांत प्रधान, रासबिहारी साहू, बसंत नायक, दुर्गाचरण पूर्ति, चंद्रशेखर नायक, शरद चंद्र सारंगी, मनोज नापित, विनय नायक सहित मंदिर समिति के सदस्य और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

