सरायकेला/ Pramod Singh जिला अग्निशमन विभाग द्वारा मंगलवार से फायर सेफ्टी वीक की शुरुआत की गई, जो 20 अप्रैल तक जारी रहेगा. कार्यक्रम की शुरुआत मुंबई बंदरगाह पर शहीद हुए अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई.


जिला मुख्यालय में अग्निशमन पदाधिकारी ऋषि तिवारी के नेतृत्व में विभाग के कर्मियों ने शहीदों को नमन करते हुए दो मिनट का मौन रखा और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. इस दौरान शहीदों के बलिदान को याद करते हुए अग्निशमन सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला गया.
ऋषि तिवारी ने बताया कि फायर सेफ्टी वीक के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों, कॉलेजों, मॉल और कंपनियों में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे. इन कार्यक्रमों में मॉकड्रिल के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी. साथ ही अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा.
फायर सेफ्टी वीक के पहले दिन कोलाबिरा और मुड़िया स्थित कंपनियों में जागरूकता अभियान चलाया गया. यहां कर्मियों को आग लगने की स्थिति में सतर्क रहने, घबराने की बजाय सही कदम उठाने और आग पर नियंत्रण पाने के तरीकों की जानकारी दी गई.
अग्निशमन पदाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे खुले स्थानों पर सावधानीपूर्वक आतिशबाजी करें और बीड़ी- सिगरेट को पूरी तरह बुझाकर ही फेंकें, ताकि आग लगने की घटनाओं से बचा जा सके.
इस मौके पर अग्निशमन विभाग के कर्मियों के साथ-साथ कंपनियों के कर्मचारी भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई.



