राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत रुतडीह गांव में तालाब में डूबने से 65 वर्षीय बुजुर्ग झुंगलू महतो की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार झुंगलू महतो सोमवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे. परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

मंगलवार शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों ने गांव के तालाब में उन्हें अचेत अवस्था में देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई. घटना की सूचना ग्राम प्रधान एवं समाजसेवी अजय कुमार गोप को दी गई. सूचना मिलते ही उन्होंने तत्परता दिखाते हुए प्रशासन को अवगत कराया.

मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है. फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.

