कपाली/ Afroz Mallik नगर परिषद क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. वार्ड संख्या-14 के पार्षद मो० मुमताज अंसारी ने बिजली, पानी और नालियों की समस्या को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा है.

पार्षद ने आवेदन में बताया कि वार्ड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति अनियमित बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कामों में भारी परेशानी हो रही है. बार-बार बिजली कटौती के कारण बच्चों की पढ़ाई और स्थानीय व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं.
वहीं, पेयजल संकट भी गंभीर होता जा रहा है. कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने के कारण लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है. गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक विकराल रूप ले रही है.
इसके अलावा नालियों की सफाई नहीं होने से जगह-जगह जलजमाव की स्थिति बनी हुई है. गंदे पानी और दुर्गंध के कारण वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है.
पार्षद ने कहा कि कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जाए, नियमित पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और नालियों की सफाई कराकर क्षेत्रवासियों को राहत दी जाए.

