चाईबासा/ Jayant Pramanik पश्चिम सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड क्षेत्र में चैत्र नवरात्र के समापन पर रामनवमी का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर क्षेत्र में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए.

जुलूस का शुभारंभ महुलडीहा से हुआ. पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ढोल- नगाड़ों की थाप पर थिरकते श्रद्धालुओं का हुजूम महुलडीहा से निकलकर सोनुआ थाना होते हुए मुख्य बाजार पहुंचा. यहां से शोभायात्रा चेकनाका होते हुए मंदिर परिसर तक गई. पूरे मार्ग में जय श्रीराम के नारों से माहौल भक्तिमय बना रहा. आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहीं.

शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया. सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा के नेतृत्व में पुलिस बल जगह- जगह तैनात रहा. जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस के जवान पूरे मार्ग पर गश्त करते दिखे. शांतिपूर्ण ढंग से जुलूस संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली.

