खूंटी: जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. वह अपने बेटे को स्कूल से लाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए.

घटना तारोसिलादोन- खूंटी सड़क स्थित भंडरा मोड़ के पास की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब दस मीटर तक घसीटता चला गया और वाहन का चक्का उसके सिर पर चढ़ गया.
इस हादसे में मौके पर ही युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान पुरन महतो के 30 वर्षीय पुत्र गोविंद महतो के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह अपने बेटे को स्कूल से लाने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया गया है.
पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है. इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे सड़क हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

