जमशेदपुर: शहर के सोनारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां सी रोड स्थित एक घर में नए फ्रिज के फटने से भीषण आग लग गई. धमाका इतना जोरदार था कि देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया.



बताया जा रहा है कि यह घटना जो-जो दुकान के पीछे स्थित एक मकान में हुई. आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. हालात इतने गंभीर हो गए कि लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए छत पर चढ़कर पड़ोसी के मकान की छत पर छलांग लगाई.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया, लेकिन टीम करीब आधे घंटे की देरी से मौके पर पहुंची. इस देरी के कारण आग और अधिक फैल गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बाद में मौके पर पहुंची दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक घर का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो चुका था. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. आग की भयावहता को देखकर लोग सहमे हुए नजर आए.
फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है.





