जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र स्थित गौड़ बस्ती के पास मंगलवार को स्वर्णरेखा नदी में डूबने से 15 वर्षीय छात्र की मौत हो गई. मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार आयुष मंगलवार दोपहर अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकला था और नदी किनारे पहुंच गया. इसी दौरान नहाने के क्रम में वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया. घटना की जानकारी देर से मिलने के कारण काफी देर तक उसकी तलाश नहीं हो सकी.


मृतक आयुष कुमार न्यू केबुल टाउन निवासी ललित कुमार शर्मा का इकलौता पुत्र था. वह आरबीपी स्कूल बारीडीह में छठी कक्षा का छात्र था. बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलने के बाद शाम करीब साढ़े सात बजे मानगो पुलिस गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने आयुष को नदी से बाहर निकाला. इसके बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
गोताखोरों के अनुसार नदी में फैली जलकुंभी और करीब दस फीट गहरे पानी के कारण वह बाहर नहीं निकल सका. आशंका जताई जा रही है कि चट्टानों और जलकुंभी में उलझने से उसका दम घुट गया. बताया जा रहा है कि आयुष अपने दोस्तों के साथ संभवतः नदी किनारे रील बनाने गया था. हादसे के बाद उसके दोस्त मौके से भाग गए, जिससे परिजनों को घटना की जानकारी मिलने में करीब साढ़े तीन घंटे की देरी हो गई. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है. इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों ने मामले की जांच की मांग की है.

