गम्हरिया: कांड्रा क्षेत्र में प्रस्तावित स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण स्थल को लेकर ग्रामीणों ने स्थान परिवर्तन की मांग उठाई है. ग्रामीणों के आग्रह पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सरायकेला- खरसावां के उपायुक्त को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.


जानकारी के अनुसार ग्राम कांड्रा, पोस्ट कांड्रा, जिला सरायकेला- खरसावां के खाता संख्या 237 के अंतर्गत प्लॉट संख्या 884 में स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण का प्रस्ताव है. इस मुद्दे पर ग्रामवासियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें चर्चा के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वास्थ्य केन्द्र का निर्माण प्लॉट संख्या 884 के बजाय प्लॉट संख्या 832 और 833 में कराया जाना अधिक उपयुक्त और जनहित में होगा. दोनों प्लॉट का कुल क्षेत्रफल लगभग 1 एकड़ 2 डिसमिल बताया गया है.
ग्रामीणों का कहना है कि प्लॉट संख्या 884 तक पहुंचने में कई व्यावहारिक समस्याएं हैं. वहां तक जाने के लिए फ्लाईओवर मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है, जहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. ऐसी स्थिति में आपातकालीन समय में मरीजों को स्वास्थ्य केन्द्र तक पहुंचाने में गंभीर परेशानी हो सकती है.
इसके अलावा उस स्थान तक सार्वजनिक परिवहन की पर्याप्त सुविधा भी उपलब्ध नहीं है. इससे खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है.
ग्रामीणों ने बताया कि प्लॉट संख्या 832 और 833 स्थान की दृष्टि से अधिक उपयुक्त और आम लोगों के लिए आसानी से पहुंच योग्य है. साथ ही यह भूमि सरकारी होने के कारण स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण में स्वामित्व से जुड़ी कोई बाधा भी नहीं आएगी. ग्रामीणों की मांग और जनहित को देखते हुए सांसद जोबा माझी ने उपायुक्त को पत्र लिखकर स्वास्थ्य केन्द्र को प्लॉट संख्या 884 के बजाय प्लॉट संख्या 832 और 833 में स्थानांतरित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है. सांसद को ज्ञापन सौंपने वालों में कांड्रा पंचायत के पूर्व मुखिया होनी सिंह मुंडा, राम महतो, गौतम महतो, राजकिशोर महतो और रामापदो कालिंदी शामिल थे.

