चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब पातकुम पुलिया के पास करकड़ी नदी किनारे झाड़ियों में एक बोरे के अंदर अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की सूचना पुलिस को दी गई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार पातकुम पुलिया के समीप करकड़ी नदी किनारे झाड़ियों में सादा रंग के बोरे में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला. स्थानीय लोगों की नजर बोरे पर पड़ने के बाद शक होने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोलकर देखा तो उसके अंदर एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ. युवक का रंग गोरा बताया जा रहा है और उसकी उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है. युवक ने नीले रंग की शर्ट पहन रखी है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर यहां झाड़ियों में फेंक दिया गया है, ताकि उसकी पहचान छिपाई जा सके.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा.

