जामताड़ा/ Manish Baranwal शहर के बालाजी ज्वेलर्स में बुधवार को हुई डकैती और गोलीकांड की घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है. हालांकि मामले के उद्भेदन को लेकर पुलिस ने जांच तेज कर दी है.

डकैती कांड के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक ने विशेष जांच दल यानी एसआईटी का गठन किया है. इस एसआईटी टीम में दो डीएसपी, चार इंस्पेक्टर और एक प्रशिक्षु डीएसपी को शामिल किया गया है. इसके साथ ही टेक्निकल सेल की टीम भी लगातार सक्रिय रूप से मामले की जांच में जुटी हुई है.
पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि बालाजी ज्वेलर्स डकैती कांड का जल्द ही उद्भेदन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि एसआईटी की पूरी टीम अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है और हर पहलू को गंभीरता से खंगाला जा रहा है.
इस मामले को लेकर जामताड़ा थाना में बालाजी ज्वेलर्स के कारीगर राकेश साह के बयान के आधार पर कांड संख्या 137/2025 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस ने अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी है.
इधर घटना के विरोध में चैंबर ऑफ कॉमर्स और शहर के व्यवसायियों ने गुरुवार को पूरे जामताड़ा शहर को बंद रखा. बंद के कारण दिन भर अधिकांश दुकानें बंद रहीं. चैंबर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में व्यापारियों ने शहर में घूम-घूम कर दुकानदारों से अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की.
व्यापारियों का कहना है कि लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है और पुलिस को जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

