जामताड़ा/ Yogesh Kumar

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के सभी 24 जिलों सहित रांची शहरी और रांची ग्रामीण मिलाकर कुल 25 जिलों के लिए जिला अध्यक्षों की सूची जारी कर दी है. सूची जारी होते ही पूरे राज्य में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.
जामताड़ा जिले से एक बार फिर जिला परिषद सदस्य एवं पूर्व जिला अध्यक्ष दीपिका बेसरा को कांग्रेस जिला अध्यक्ष के रूप में चयनित किया गया है. उनके पुनः चयन की खबर फैलते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है. जगह-जगह बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है, वहीं सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं की बाढ़ आ गई है.
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एवं जामताड़ा विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने भी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से दीपिका बेसरा को बधाई दी है. उन्होंने उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई है.
जिला अध्यक्ष बनाए जाने पर दीपिका बेसरा ने कांग्रेस आलाकमान के प्रति आभार व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगी. साथ ही उन्होंने कहा कि वे गांव-गांव जाकर संगठन को मजबूत करेंगी और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगी. दीपिका बेसरा के दोबारा जिला अध्यक्ष बनने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है.

